देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित डालनवाला पुलिस स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थानेदार के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से उन्हें लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था और जनसेवा जैसे संवेदनशील दायित्वों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विभिन्न बैठकों के उपरांत मुख्यमंत्री अचानक डालनवाला पुलिस स्टेशन पहुंचे। उनके औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई।
शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद, त्वरित समाधान के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस स्टेशन में मौजूद शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारी समझकर दर्ज किया जाए और उनका निष्पक्ष व त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
महिला हेल्प डेस्क और रजिस्टरों की गहन जांच
मुख्यमंत्री महिला हेल्प डेस्क पहुंचे और महिला फरियादियों से बातचीत कर उनकी शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को अनिवार्य बताया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने एफआईआर रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर और उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया। दर्ज मामलों की प्रगति, फॉलोअप और लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
अव्यवस्था और गंदगी पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान पुलिस थाने में स्थित हवालात में गंदगी और अव्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल साफ-सफाई और मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस थाने की स्थिति ही प्रशासन की कार्यसंस्कृति को दर्शाती है।
ट्रैफिक अव्यवस्था पर नाराजगी, जांच के आदेश
मुख्यमंत्री ने वाहन जांच अभियान, वेरिफिकेशन ड्राइव और अपराध नियंत्रण से जुड़ी कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की।
जनसेवा में ज़ीरो टॉलरेंस: सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़ा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है। जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित में सख्त से सख्त कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे।
More Stories
अक्टूबर तक तैयार होंगे डोईवाला, पाइनस और सोमेश्वर के बाबू जगजीवन राम छात्रावास : मुख्यमंत्री
देहरादून में एसआईआर-2026 अभियान को बड़ी सफलता, 100% गणना प्रपत्र वितरण, 86.34% डिजिटाइजेशन पूरा…
उत्तराखंडः मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की आंगनवाड़ी योजनाओं की समीक्षा, एफआरएस से राशन वितरण के निर्देश